Dumka News: बीडीओ मोहम्मद एजाज आलम की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय समन्वय बैठक संपन्न

शिकारीपाड़ा: स्थानीय प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मोहम्मद एजाज आलम की अध्यक्षता में एक प्रखंड स्तरीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पशुपालन विभाग के तहत पशुओं के वैक्सीनेशन (टीकाकरण), कृषि विभाग द्वारा किसानों के बीच बीज वितरण की स्थिति तथा पेयजल विभाग से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हुई। पेयजल संकट को देखते हुए विभाग से ऐसे खराब चापाकालों की सूची मांगी गई है जिन्हें मरम्मत कर ठीक नहीं किया जा सकता, ताकि उनके स्थान पर नए विकल्प तलाशे जा सकें।
इसके साथ ही, आगामी प्लस पोलियो अभियान की तैयारियों, आबुआ आवास योजना, जन मन आवास योजना और आगामी 1 जुलाई से शुरू होने वाली ‘जी राम जी’ योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने और योजनाओं का लाभ धरातल तक पहुँचाने पर जोर दिया गया।
इस मौके पर अंचलाधिकारी (सीओ) कपिल देव ठाकुर, प्रखंड समन्वयक विकास मिश्रा, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, बीपीओ (प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद थे।


