Dumka News: आंगनबाड़ी केंद्रों में भारी लापरवाही, समय से पहले लटक रहे ताले, बच्चे नदारद

शिकारीपाड़ा: समेकित बाल विकास परियोजना के तहत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए राज्य सरकार व जिला प्रशासन द्वारा तय समय अवधि का कोई महत्व नहीं रह गया है। केंद्र में कार्यरत सेविका एवं सहायिका मनमाने ढंग से केंद्र का संचालन कर रही है| उनके लिए समय सारिणी कोई मायने नहीं रखती। शनिवार को संवाददाता द्वारा दुमका जिला के शिकारीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत खाडू कदमा पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र प्रतापपुर जिसका उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रतापपुर के निकट निर्माण किया गया है, इसमें बरसों से ताला लटक रहा है।
इसी भवन में मतदान केंद्र संख्या 91 अंकित किया गया है। समीप के ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र सेविका के घर में चलता है।सेविका गिनी किस्कू के घर पर पता चला कि सेविका और सहायिका दोनों नहीं है कहां गई हैं यह उनके परिवार वालों को पता नहीं है। ज्ञात हो कि आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन सुबह सात बजे से ग्यारह बजे तक निर्धारित है और दिन के करीब दस बजे ही सेविका सहायिका या बच्चे कोई मौजूद नहीं पाए गए।
इस संबंध में पंचायत की पर्यवेक्षिका हेमलता कुमारी ने बताया कि 1 वर्ष पूर्व ही भवन को क्षतिग्रस्त घोषित कर दिया गया है इसलिए केंद्र का संचालन सेविका के घर में ही करने का निर्देश दिया गया है।यदि केंद्र का संचालन नहीं हो रहा था तो इसकी जांच कर कारवाई की जाएगी। वही जामुगाड़िया पंचायत के जामु गड़िया केंद्र संख्या 402 में कोई भी बच्चा नहीं पाया गया। केंद्र में सेविका एवं पोषण सखी मौजूद थी। पोषण वाटिका में जंगली घास देखा गया।
पोषण वाटिका के संबंध में सेविका से पूछने पर उसने बताया कि सारा पैसा निकाल कर मैंने कार्यालय में जमा कर दिया। वहीं से ठेकेदार आकर यह घेराव कर चला गया| मैंने इसमें कोहड़ा लगाया था। इसके अंदर का घास भी मैंने ही साफ किया है। बच्चे रो रहे थे, इसलिए उन्हें घर भेज दिया गया। पंचायत की पर्यवेक्षिका आवेदा से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र के निकट जितनी जमीन थी, उसी में पोषण वाटिका बनाया गया है, अगर आंगनबाड़ी के पास जमीन नहीं है तो निर्धारित क्षेत्र कोई मायने नहीं रखता है।
उसके अंदर कितने बेड बनाने हैं इस पर उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार किया। शिकारीपाड़ा पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र पाल टोला जो कन्या मध्य विद्यालय शिकारीपाड़ा के प्रांगण में अवस्थित है, वहां भी एक भी बच्चा नहीं पाया गया। यह सभी आंगनबाड़ी केंद्र बाल विकास परियोजना शिकारीपाड़ा से महज 3 किलोमीटर की दूरी में अवस्थित है। अब सवाल यह उठता है कि यदि इतनी कम दूरी में आंगनबाड़ी केन्द्रों का यह हाल है तो सुदूर जंगली एवं मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर अवस्थित आंगनबाड़ी केन्द्रों का हाल क्या होगा, इसका सहज ही आकलन किया जा सकता है।


