Dumka News: मौत से लड़ रही 11 साल की प्रतिमा, 5 दिन से बेसुध; इलाज के लिए दर-दर भटक रहा परिवार
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
दुमका: मसलिया प्रखंड के गोबरमोड गांव से हृदयविदारक वाकया सामने आया है। बीते 6 जून को तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आई 11 वर्षीय प्रतिमा कुमारी 5 दिन से मौत से जूझ रही है। परिजनों के पास इलाज के लिए पैसे तक नहीं बचे हैं और वे प्रशासनिक मदद का इंतजार कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते 6 जून को दुमका की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन (JH 01 CX 2762) ने खेलकर आ रही प्रतिमा को गोबरमोड में धक्का मार दिया। हादसे के बाद चालक वाहन को लाहरजोरिया में छोड़कर फरार हो गया। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल प्रतिमा को बेसुध हालत में परिजनों ने फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज, दुमका में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने सिर में खून जमने और हालत नाजुक बताकर उसे रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजनों ने उसे देवघर जिले के कुंडा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। 5 दिन बीत जाने के बाद भी वह बेसुध पड़ी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
प्रतिमा के नाना भादू राय ने बताया कि इलाज के अभाव में वे पहले ही अपने बेटों राजू राय और मिठू राय को खो चुके हैं। अब 12 सदस्यों का परिवार किसी तरह दिहाड़ी मजदूरी करके गुजर-बसर कर रहा है। आर्थिक तंगी के बीच 4 जून को घर की छत गिरने से उनका दाहिना पैर टूट गया। वे खुद खाट पर पड़े हैं।
भादू राय ने बताया कि जांच, रिपोर्ट और दवाइयों में अब तक मोटी रकम खर्च हो चुकी है। अस्पताल का बिल अभी तक नहीं दिया जा सका है और नवासी की हालत में कोई सुधार नहीं है।
नानी यशोदा देवी ने बताया कि प्रतिमा के पिता राजकिशोर राय जामा के कोहबोरा के रहने वाले हैं और शादी के बाद से ही वे उसे पाल रहे हैं। राजकिशोर अभी असम में मजदूरी करने गए हैं। इलाज के लिए अब तक लोगों से 85 हजार रुपये उधार लिए जा चुके हैं, लेकिन अब कोई उधार देने को तैयार नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए कहा कि, “अगर सरकार की ओर से मदद नहीं मिली, तो प्रतिमा जिंदगी की जंग हार जाएगी।”
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजफर हसनैन और अंचलाधिकारी रंजन कुमार यादव से बात करने पर उन्होंने बताया कि इस प्रकार की घटना में सरकारी मदद का कोई प्रावधान नहीं है। बावजूद इसके, जो सहयोग संभव होगा, वह किया जाएगा।


