Dumka News: खासिया गांव में निकला 7 फीट लंबा विशालकाय अजगर, मचा हड़कंप

दुमका: रामगढ़ प्रखंड की लतबेरवा पंचायत अंतर्गत खासिया गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक विशालकाय अजगर को देखा। लगभग सात फीट लंबे और 14 किलोग्राम वजनी इस अजगर के दिखाई देने से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी भैरो महतो की कोबीबाड़ी में अचानक यह विशाल अजगर दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत दूरभाष के माध्यम से इसकी सूचना स्थानीय नागरिक राजेंद्र कुमार को दी। सूचना मिलते ही राजेंद्र कुमार ने तत्परता दिखाते हुए वनरक्षी धनंजय कुमार को मामले से अवगत कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही वनरक्षी धनंजय कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने काफी सूझबूझ और सावधानी बरतते हुए विशालकाय अजगर को सुरक्षित रूप से काबू में कर लिया। अजगर के पकड़े जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू किया गया अजगर पूरी तरह स्वस्थ था। बाद में टीम द्वारा अजगर को लतबेरवा क्षेत्र स्थित मकबिन्दा पहाड़ के घने जंगलों में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया, ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रह सके।


