Dumka News: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बासुकीनाथ में कंट्रोल रूम से की व्यवस्थाओं की निगरानी

दुमका: राजकीय श्रावणी मेला-2026, बासुकीनाथ में सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित तरीके से बाबा बासुकीनाथ का जलार्पण कराने को लेकर प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
इसी क्रम में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की। कंट्रोल रूम से श्रद्धालुओं की भीड़, कतार की स्थिति, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, जलार्पण व्यवस्था, यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों की स्थिति का अवलोकन किया गया।
उपायुक्त ने कंट्रोल रूम में मौजूद पदाधिकारियों से मेला क्षेत्र की पल-पल की स्थिति की जानकारी ली तथा भीड़ के बढ़ने वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी परिस्थिति में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं पुलिस बल अपने-अपने निर्धारित कर्तव्य स्थल पर पूरी मुस्तैदी के साथ उपस्थित रहें और अनावश्यक रूप से अपने कर्तव्य स्थल को नहीं छोड़ें। श्रद्धालुओं की कतार को व्यवस्थित रखने, बैरिकेडिंग का पालन कराने तथा निर्धारित मार्ग से ही श्रद्धालुओं के आवागमन को सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए मेला क्षेत्र, मंदिर परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं से जुड़ी सभी मूलभूत सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार स्वयं मेला क्षेत्र में उपस्थित रहकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की निगरानी करते रहे। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया तथा मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करते हुए उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। महत्वपूर्ण स्थलों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। भीड़ की स्थिति के अनुसार आवश्यकतानुसार सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा बासुकीनाथ के दर्शन एवं जलार्पण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बासुकीनाथ पहुंचे। श्रद्धालुओं ने निर्धारित कतार एवं अर्घा व्यवस्था के माध्यम से बाबा बासुकीनाथ का जलार्पण कर रहे हैं। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की आस्था एवं भावनाओं का सम्मान करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित जलार्पण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
तीसरी सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों की लगातार निगरानी एवं सक्रियता के साथ मेला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है।


