Dumka News: भरत भूषण तिवारी की हत्या के विरोध में निकलेगा कैंडल मार्च
1-1024x614.jpeg)
दुमका: बिहार में भरत भूषण तिवारी की हत्या के विरोध में शनिवार को दुमका के दुर्गा मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के सदस्यों के साथ-साथ शहर के कई गणमान्य एवं प्रबुद्ध नागरिक भी शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए बिहार सरकार एवं पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश व्यक्त किया तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रविवार, 28 जून 2026 को शाम 5:30 बजे भरत भूषण तिवारी की स्मृति में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। यह कैंडल मार्च सिदो-कान्हू चौक (पोखरा चौक) से प्रारंभ होकर टीन बाजार चौक तक जाएगा। इसके बाद मार्च श्रद्धांजलि सभा में परिवर्तित होगा, जहां भरत भूषण तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि दुमका शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर शहीद भरत भूषण तिवारी की स्मृति में बड़े-बड़े बैनर एवं होर्डिंग लगाए जाएंगे, ताकि आमजन को श्रद्धांजलि कार्यक्रम से जोड़ा जा सके और न्याय की मांग को व्यापक जनसमर्थन मिल सके।
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि शहीद के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने प्रशासन से हत्या की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। साथ ही दुमका के नागरिकों से बड़ी संख्या में कैंडल मार्च में शामिल होकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करने और न्याय की आवाज को बुलंद करने की अपील की गई।
मौके पर पराक्रम शर्मा, तुषार मिश्रा, गौरव झा, आनन्द कश्यप मोंटी, अभिषेक सिंह मोनू , राकेश सिंह, कुमार रिपुल, समीर झा, जयतेंद्र दुबे, मुन्ना पांडे, अनुभव ओझा, शशिकांत उपाध्याय, राहुल मिश्रा, राकेश कुमार, सिन्टू दत्ता, मनीष सिंह, राजकुमार केशरी, शिवम दुबे व अन्य मौजूद रहे।


