Dumka News: सखी मंडल की दीदियों को मिला टोटो का तोहफा, प्रमुख और बीडीओ ने फीता काटकर बांटे वाहन

रामगढ़: प्रखंड परिसर रामगढ़ में शनिवार को प्रखंड प्रमुख बाबुलाल मुर्मू एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेंद्र कुमार सिन्हा के द्वारा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के तहत सामुदायिक निवेश निधि ऋण योजना के माध्यम से 4 सखी मंडल की दीदियों के बीच टोटो (ई रिक्सा)वाहनों का फीता काटकर वितरण किया गया। इस अवसर पर लखनपुर पंचायत की लीलमुनी हेम्ब्रम , भतुडिया बी. पंचायत की प्रमिला हेम्ब्रम ,कांजो पंचायत की मेरी हांसदा, कोआम पंचायत की आशा किस्कु को सामुदायिक निवेश निधि के तहत टोटो उपलब्ध कराया गया।
मौके पर बीडीओ कमलेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें स्वरोजगार एवं स्थायी आजीविका से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं पंचायत स्तर तक आजीविका गतिविधियों का विस्तार करने के उद्देश्य से ऋण आधारित योजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सखी मंडल की दीदियाँ अब स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं।
टोटो प्राप्त करने के बाद सभी लाभुक दीदियाँ काफी उत्साहित एवं प्रसन्न दिखीं। इस दौरान प्रमुख बाबूलाल मुर्मू ने दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इस अवसर का बेहतर उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने की शुभकामनाएँ दीं।उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर सशक्त बनाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है, जिससे गांवों में आर्थिक उन्नति के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। कार्यक्रम में प्रखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक प्रदीप कुमार रजक, बीपीओ शमशेर प्रसाद सिंह अनिल शर्मा, सुरेश किस्कु टिंकू मंडल ,चंद्रशेखर, धर्मेन्द्र, तेरेसा हेम्ब्रम,बबिता सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहें।


