Dhanbad News: मिडिल ईस्ट युद्ध का साया हटा: फर्टिलाइजर प्लांट में फिर शुरू हुआ पूर्ण उत्पादन

केंद्र सरकार ने सिंदरी स्थित हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (HURL) को बड़ी राहत देते हुए गैस आपूर्ति में की गई कटौती को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण गैस आपूर्ति में 30 प्रतिशत की कमी आई थी, जिससे यूरिया उत्पादन प्रभावित हो रहा था। हर्ल के बिजनेस यूनिट हेड गौतम माजी ने पुष्टि की है कि अब संयंत्र अपनी पूर्ण क्षमता के साथ काम कर रहा है, जिससे क्षेत्र के किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।

सिंदरी: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के असर के बावजूद केंद्र सरकार ने सिंदरी स्थित हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (हर्ल) को बड़ी राहत देते हुए गैस आपूर्ति में की गई कटौती समाप्त कर दी है। बुधवार से संयंत्र को उसकी आवश्यकता के अनुरूप गैस मिलने लगी है, जिससे ठप पड़ती उत्पादन प्रक्रिया अब फिर से पूरी रफ्तार में आ गई है। हर्ल के बिजनेस यूनिट हेड गौतम माजी ने जानकारी देते हुए बताया कि युद्ध के शुरुआती दौर में गैस आपूर्ति में लगभग 30 प्रतिशत की कटौती कर दी गई थी। इसका सीधा असर यूरिया उत्पादन पर पड़ा और संयंत्र को सीमित क्षमता पर संचालन करना पड़ा। हालांकि अब आपूर्ति सामान्य होने के बाद उत्पादन को फिर से पूर्ण क्षमता तक बढ़ा दिया गया है। गैस की पर्याप्त उपलब्धता से प्रबंधन ने राहत की सांस ली है और अब प्राथमिकता अधिकतम उत्पादन सुनिश्चित करने पर है। आने वाले दिनों में उत्पादन लक्ष्य को तेजी से पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उद्योग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, हर्ल में उत्पादन सामान्य होने से क्षेत्र के किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही, स्थानीय स्तर पर रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति पर वैश्विक असर पड़ा था, जिसका प्रभाव देश के कई औद्योगिक इकाइयों पर देखने को मिला। ऐसे में हर्ल को गैस आपूर्ति बहाल होना क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More