Dhanbad News: बाल संरक्षण इकाई की समीक्षा, डीडीसी ने रिक्त पदों को भरने और नया बालक गृह खोलने का दिया निर्देश

धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने मंगलवार को जिला बाल संरक्षण इकाई की समीक्षा बैठक की। बैठक में इकाई के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिला बाल संरक्षण इकाई के बेहतर संचालन के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करने को प्रतिबद्ध है।
समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने इकाई में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए सचिव को पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जिला स्तर पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से भी रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
बैठक में बालिका गृह एवं विशेष दत्तक ग्रहण से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई। उप विकास आयुक्त ने एक बालक गृह खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार कर सचिव को भेजने का निर्देश दिया। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी साधना कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


