Dhanbad News: लोको बाजार में हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, सड़क जाम

धनबाद: झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग स्थित लोको बाजार में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कांडरा निवासी बाइक सवार रंजीत दे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिंदरी की ओर से आ रही हाइवा संख्या जेएच16ई/3281 ने बाइक संख्या जेएच10एयू/2839 को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार रंजीत दे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
घटना से नाराज लोगों ने झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर सुदामडीह थाना प्रभारी आकृष्ट अमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी समझाने-बुझाने के बाद लोगों को शांत कराया। थाना प्रभारी ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित करते हुए सड़क जाम हटवाया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। सुदामडीह थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया गया है तथा आगे की सरकारी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार मृतक के परिजनों को जो भी सहायता मिलेगी, वह दी जाएगी। घटनास्थल पर सुदामडीह पुलिस के अलावा अन्य थानों की पुलिस भी मौजूद रही।


