Dhanbad News: किसानों की आय बढ़ाने पर प्रशासन का विशेष जोर, एक सप्ताह के भीतर लाइसेंस और बीज-खाद के आवेदन का आदेश

धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने शनिवार को जिले में संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में एफपीओ को मजबूत बनाने, कृषि एवं बागवानी कार्यों के विस्तार तथा किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने जिले के सभी एफपीओ को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक अनुज्ञप्ति, बीज, खाद, कीटनाशक, ई-नाम तथा जेम से संबंधित आवेदन एक सप्ताह के भीतर कराने का निर्देश दिया। साथ ही पांच एकड़ में बिरसा हरित बागवानी एवं कृषि कार्य करने वाले किसानों के क्लस्टर का चिन्हांकन कर डीप बोरिंग के लिए एक सप्ताह में प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में बीज प्रसंस्करण इकाई की स्थापना, सब्जी उत्पादकों के लिए शॉर्टिंग-ग्रेडिंग स्थल निर्माण, बाजार हाट निर्माण एवं उसके सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उप विकास आयुक्त ने इन योजनाओं के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा, जिला सहकारिता पदाधिकारी वेद प्रकाश, जिला उद्यान पदाधिकारी जनार्दन शर्मा, मनरेगा प्रोजेक्ट ऑफिसर मनोज कुमार तथा जेएसएलपीएस के डीपीएम सुदिप्ता बनर्जी उपस्थित थे।


