Dhanbad News: बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में सीआईएसएफ ने की 287 वाहनों की सघन सुरक्षा जांच

बाघमारा: भारत सरकार की जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सीआईएसएफ धनबाद यूनिट ने शुक्रवार को बीसीसीएल के विभिन्न कोल परियोजना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान एमएमडीआर अधिनियम, 1957 के तहत कोयला चोरी, अवैध परिवहन एवं अवैध खनन पर रोक लगाने के उद्देश्य से प्रमुख चेक पोस्ट, रेलवे साइडिंग, कोल डंप तथा परिवहन मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई।
अभियान के तहत बीसीसीएल के बरौरा, गोविंदपुर, कतरास, सिजुआ, गोवर्धन, पुटकी, बस्ताकोला, लोदना, बेगुनिया, सीवी एरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुल 287 वाहनों की जांच की गई। इनमें से 203 वाहनों के परिवहन दस्तावेजों का ट्रांसपोर्ट एप के माध्यम से सत्यापन किया गया। जांच के दौरान सभी वाहनों के दस्तावेज एवं परिवहन संबंधी अभिलेख निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।
किसी भी क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन, संदिग्ध वाहन अथवा अन्य प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई। अभियान के दौरान कंपनी कमांडरों, पोस्ट कमांडरों, क्विक रिस्पांस टीम तथा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया गया। सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा तथा जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी के प्रभावी पालन के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि कोयला चोरी, अवैध खनन या अवैध परिवहन से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को संदेश भेजकर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


