उपायुक्त ने किया रक्तदान, कहा: रक्तदान महादान है

हजारीबाग: जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को समाहरणालय भवन के ग्राउंड फ्लोर पर रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड की पहल पर जिले में चल रहे रक्तदान अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने स्वयं रक्तदान कर समाज के प्रति प्रेरणादायी संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है, यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए, क्योंकि हमारे द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन की आशा बन सकता है।
रक्तदान शिविर में समाहरणालय परिसर में कार्यरत विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बड़ी संख्या में रक्तदान किया।


