Deoghar News: उपायुक्त ने लंबित सेवा मामलों की समीक्षा की, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जिला स्क्रीनिंग सह स्थापना समिति की बैठक संपन्न हुई, जिसमें अपर समाहर्ता हीरा कुमार भी शामिल हुए। बैठक में उपायुक्त ने कर्मचारियों के एसीपी, एमएसीपी और प्रोन्नति जैसे सेवा लाभों से जुड़े मामलों को समय सीमा के भीतर और पूरी पारदर्शिता के साथ निष्पादित करने का सख्त निर्देश दिया।

देवघर: समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जिला स्क्रीनिंग सह स्थापना समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकारी कर्मियों से जुड़े विभिन्न लंबित सेवा मामलों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान वित्तीय उन्नयन (एसीपी/एमएसीपी), सेवा संपुष्टि, वरिष्ठता निर्धारण तथा प्रोन्नति से संबंधित मामलों की प्रगति का आकलन किया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कर्मचारियों के सेवा लाभ और अधिकारों से जुड़े सभी मामलों का निष्पादन पूरी पारदर्शिता, नियमों के अनुरूप तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार और जवाबदेही पर विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा कर कर्मचारियों को समय पर उनके वैधानिक लाभ उपलब्ध कराए जाएं।

समीक्षा के दौरान यह भी कहा गया कि यदि कोई अधिकारी या कर्मी सेवा संबंधी मामलों को बिना उचित कारण लंबित रखता है अथवा कार्यों के निष्पादन में शिथिलता बरतता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने सभी विभागों को लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर उन्हें निष्पादित करने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, जिला स्थापना उपसमाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थापना शाखा के कर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More