Deoghar News: फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बन ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार, मोहनपुर से दबोचा गया

देवघर: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में देवघर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने मोहनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के तेलंगिया डुमरिया निवासी 24 वर्षीय पप्पू कुमार राय के रूप में हुई है।
पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 24 जून को की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी को साइबर अपराध में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक, गूगल पे एवं फोनपे के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लोगों के मोबाइल पर पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान से संबंधित फर्जी एपीके (APK) फाइल भेजता था। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड करता, उसके मोबाइल का एक्सेस साइबर अपराधी के पास पहुंच जाता था। इसके बाद वह बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देता था।
इसके अलावा आरोपी एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेता था और एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से बैंकिंग संबंधी जानकारी प्राप्त कर उनके खातों से अवैध निकासी करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी सहायता के नाम पर लोगों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करता था।
गिरफ्तार आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन एवं दो सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच की जा रही है, जिससे साइबर अपराध से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल अथवा फर्जी कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।


