Deoghar News: नीट परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार ने संभाला मोर्चा

देवघर: जिले में आयोजित होने वाली नीट (NEET) परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बुधवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।
उपायुक्त ने ए.एस. कॉलेज, देवघर कॉलेज, रमा देवी बाजला महिला कॉलेज तथा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का दौरा कर वहां की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को परीक्षा आयोजन से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में बेंच, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए टेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा दिव्यांग परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से व्हीलचेयर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप, जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।


