Deoghar News: स्वतंत्रता दिवस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न, उपायुक्त और एसपी ने जवानों व स्कूली बच्चों का बढ़ाया उत्साह, दिए निर्देश

देवघर: स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को स्थानीय केकेएन स्टेडियम में परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से पूर्वाभ्यास का निरीक्षण कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
पूर्वाभ्यास में जैप-5 के जवानों की टुकड़ी, महिला एवं पुरुष पुलिस बल, गृह रक्षा वाहिनी के कैडेटों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सार्जेंट मेजर के नेतृत्व में सभी टुकड़ियों ने निर्धारित मानकों के अनुरूप परेड का प्रदर्शन किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस को आत्मविश्वास, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाया जाए। उन्होंने सभी से कार्यक्रम को भव्य और अनुशासित बनाने में शत-प्रतिशत योगदान देने का आह्वान किया। उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तरीय मुख्य ध्वजारोहण समारोह के साथ संध्या में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति और इतिहास के साथ देश की गौरवशाली परंपराओं एवं स्वतंत्रता संग्राम की गाथाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। प्रशासन की ओर से समारोह को आकर्षक, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला नजारत उपसमाहर्ता मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, सार्जेंट मेजर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासन अंतिम तैयारियों को मूर्त रूप देने में जुटा हुआ है।


