Deoghar News: डीएवी कास्टर टाउन, देवघर में बैगलेस डे की शुरुआत, बच्चों ने खेल-खेल में की सीखने की शुरुआत

देवघर: स्थानीय गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, कास्टर टाउन में शनिवार को एलकेजी से कक्षा द्वितीय तक के विद्यार्थियों के लिए बैगलेस डे की शुरुआत की गई। विद्यालय के प्राचार्य शुभाशीष चट्टराज के निर्देशन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य बच्चों में विद्यालय के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें आनंददायक वातावरण में शिक्षा से जोड़ना है।
बैगलेस डे के तहत मदर टीचर सप्ताह में एक दिन अपनी-अपनी सुविधा के अनुसार बच्चों के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन करेंगी। इस दौरान विद्यार्थियों को संगीत, नृत्य, कविता वाचन तथा स्क्रीन पर शैक्षणिक कार्टून दिखाकर मनोरंजक तरीके से सीखने का अवसर दिया जाएगा।
इस अवसर पर प्राचार्य शुभाशीष चट्टराज ने कहा कि बच्चों का उत्साह देखकर उन्हें काफी खुशी हो रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में छोटे बच्चों के लिए अधिक से अधिक डिजिटल गेम और इंटरैक्टिव लर्निंग गतिविधियां शुरू की जाएंगी, ताकि बच्चे खुशी-खुशी विद्यालय आएं और खेल-खेल में पढ़ाई के प्रति आकर्षित हों।


