Deoghar News: उप विकास आयुक्त ने ‘प्रोजेक्ट इम्पैक्ट’ को लेकर 12 स्कूलों के हेडमास्टरों संग की बैठक

देवघर: विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, स्वच्छता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट इम्पैक्ट को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सारठ, मधुपुर, मारगोमुंडा और सरवां प्रखंड के कुल 12 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, जिला शिक्षा अधीक्षक तथा डीएमएफटी की टीम मौजूद रही। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रोजेक्ट इम्पैक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन और विद्यालय स्तर पर तैयार विशेष चेकलिस्ट को नियमित रूप से लागू कराना था।
बैठक में प्रोजेक्ट इम्पैक्ट के तहत विद्यालयों में संचालित होने वाली गतिविधियों और उनकी निगरानी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रोजेक्ट RAIL की भी समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से अधिकारियों को अवगत कराया। उप विकास आयुक्त ने समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि प्रोजेक्ट इम्पैक्ट की कार्ययोजना को पांच प्रमुख हिस्सों में विभाजित किया गया है। इसमें दैनिक सुबह की सभा की चेकलिस्ट, कक्षा गतिविधियों की चेकलिस्ट, छात्र स्वच्छता एवं ग्रूमिंग ट्रैकर, समय-समय पर होने वाली विद्यालय स्तरीय गतिविधियों का रिकॉर्ड तथा मासिक आत्म-मूल्यांकन शामिल है।
सुबह की सभा में होने वाली गतिविधियों की निगरानी और साप्ताहिक ग्रिड मार्किंग की जाएगी। वहीं कक्षा में प्रतिदिन और साप्ताहिक स्तर पर होने वाली गतिविधियों का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। स्वच्छता एवं ग्रूमिंग ट्रैकर के तहत प्रत्येक माह और प्रत्येक कक्षा के लिए एक शीट तैयार होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मासिक हाइजीन रिबन भी दिया जाएगा।
बैठक में जिम्मेदारियां भी स्पष्ट की गईं। क्लास टीचर सुबह की सभा, कक्षा चेकलिस्ट, स्वच्छता ट्रैकर और साप्ताहिक रिपोर्ट तैयार करेंगे। प्रधानाध्यापक पूरे विद्यालय का मासिक आत्म-मूल्यांकन कर रेटिंग देंगे। जिला शिक्षा अधीक्षक और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी इन रिपोर्टों की समीक्षा कर जिला एवं प्रखंड स्तर पर अंतिम रिपोर्टिंग सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी चेकलिस्ट में जानकारी नियमित रूप से दर्ज की जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में मासिक रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि विद्यालय की वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अधिकारी एवं डीएमएफटी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।


