सांसद विवाह के बाद सोशल मीडिया पर गरमाई डीलिस्टिंग की बहस

राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा के विवाह के बाद सोशल मीडिया पर एसटी आरक्षण और डीलिस्टिंग को लेकर बहस तेज हो गई है। कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में उनके एसटी दर्जे पर सवाल उठाए गए और डीलिस्टिंग की मांग की गई।

साहिबगंज: राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा का सुप्रिया मुर्मू के साथ विवाह संपन्न होने के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा है। राजनीतिक, सामाजिक संगठनों और समर्थकों ने नवदंपति के सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की। वहीं, दूसरी ओर इसी विवाह के बाद सोशल मीडिया पर एसटी आरक्षण और डीलिस्टिंग का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है। कई यूजर्स ने पोस्ट कर कहा कि जो लोग ईसाई धर्म अपनाकर आदिवासी परंपराओं और रीति-रिवाजों से दूर हो जाते हैं, उन्हें एसटी के संवैधानिक लाभों पर पुनर्विचार करना चाहिए। कुछ पोस्ट में सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न हाईकोर्ट के फैसलों का जिक्र करते हुए डीलिस्टिंग की मांग भी उठाई गई।

 कानूनी जानकारों की मानें तो वर्तमान संवैधानिक प्रावधानों में केवल धर्म परिवर्तन कर लेने से किसी अनुसूचित जनजाति व्यक्ति का एसटी दर्जा स्वतः समाप्त नहीं होता। डीलिस्टिंग का विषय वर्षों से सार्वजनिक बहस का हिस्सा रहा है, लेकिन अब तक ऐसा कोई कानून नहीं बना है जो धर्म बदलने पर एसटी का दर्जा खत्म कर दे।

फिलहाल सांसद विजय कुमार हांसदा या उनके कार्यालय की तरफ से सोशल मीडिया पर उठ रहे इन सवालों को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। विवाह की बधाइयों के बीच सोशल मीडिया पर छिड़ी यह बहस एक बार फिर आदिवासी समाज में आरक्षण, पहचान और धर्मांतरण जैसे संवेदनशील मुद्दों को सामने ले आई है।

 उल्लेखनीय है कि बीते दिनों हिंदू धर्म रक्षा मंच के केंद्रीय अध्यक्ष संत कुमार घोष ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र भेजकर सांसद विजय कुमार हांसदा को राजमहल एसटी सीट से अयोग्य घोषित करने की मांग की है। गौरतलब है कि राजमहल संसदीय सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है और उन्होंने ईसाई परंपरा के अनुसार कैथेड्रल चर्च में पादरी की उपस्थिति में दूसरी शादी की है।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More