मधुपुर के ऐतिहासिक पंपू तालाब में ‘जहरीला मौत का खेल’! हजारों मछलियां, कछुए और सांपों की मौत से सनसनी

देवघर: मधुपुर के ऐतिहासिक पंपू तालाब से एक बेहद चिंताजनक और दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है। तालाब में अचानक बड़ी संख्या में मछलियां, कछुए और सांप मृत अवस्था में पाए गए हैं। पानी की सतह और किनारों पर तड़प-तड़प कर मरे जीवों का दृश्य देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि तालाब के पानी में किसी जहरीले पदार्थ या रासायनिक कचरे के मिलने की आशंका है, जिसके कारण यह भयावह स्थिति पैदा हुई। तस्वीरों में भी तालाब किनारे मृत मछलियां बिखरी दिखाई दे रही हैं, जिससे पर्यावरण और जलीय जीवन पर गंभीर खतरे की आशंका बढ़ गई है।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी देखी जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच और कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा, लेकिन एक साथ इतनी बड़ी संख्या में जलीय जीवों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों की मांग:
- तालाब के पानी की तत्काल जांच हो।
- मृत जीवों का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाए।
- दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए।




