उप- राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर डीसी ने की समीक्षा

मुख्यमंत्री कृषि योजना का करेंगे आगाज
रांची: भारत के उप राष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू 10 अगस्त को झारखंड आ रहे हैं और वे यहां मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की शुरुआत करेंगे। उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडू 15 लाख किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से राशि भेजेंगे। इस योजना के तहत एक से पांच एकड़ भूमि वाले किसानों को न्यूनतम पांच हजार और अधिकतम 25 हजार का लाभ मिलेगा। उनके रांची आगमन के बाबत गुरुवार को उपायुक्त राय महिमापत रे ने सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें दिशा- निर्देश दिया।
कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल-1 को आयोजन स्थल पर बैरिकेटिंग, स्टेज निर्माण एवं साउंड बाॅक्स के लिए टाॅवर निर्माण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को पेयजल आपूर्ति, वीआईपी टाॅयलेट की व्यवस्था एवं पथ निर्माण प्रमंडल को मुख्य सड़कों की मरम्मती एवं साफ सफाई का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक यातायात पार्किंग की व्यवस्था, आयोजन स्थल के संपर्क मार्गों में यातायात पुलिसकर्मियों की नियुक्ति एवं ट्रेफिक रुट बनाकर समाचार पत्रों में प्रकाशन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है। इसके अलावे सिविल सर्जन को चिकित्सा- मेडिकल कैंप की व्यवस्था, जिला अग्निशमन पदाधिकारी को अग्निशमन की व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये हैं। बैठक में एसडीओ सदर गरिमा सिंह, परियोजना निदेशक आईटीडीए अवधेश कुमार, जिला नजारत उपसमाहत्र्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल-1 व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

[URIS id=9499]

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More