साहिबगंज में साइबर ठगी: पति-पत्नी के बैंक खातों से 60 हजार रुपये उड़ाए

साहिबगंज: जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के पिलघुटु गांव में साइबर ठगों ने एक ही घर के दो लोगों के बैंक खाते से 60 हजार रुपए की अवैध निकासी कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिलघुटु गांव निवासी मोतीलाल साह और उनकी पत्नी यशोदा देवी के खाते से तीन दिनों में 30-30 हजार रुपए निकाले गए हैं। मोतीलाल साह के खाता संख्या 11690201709 से 20 जुलाई को 10 हजार रुपए, 22 जुलाई को 10 हजार रुपए और 25 जुलाई को 10 हजार रुपए निकाले गए। इसी तरह पत्नी यशोदा देवी के खाता संख्या 34739006113 से भी 20 जुलाई को 10 हजार रुपए, 22 जुलाई को 10 हजार रुपए और 25 जुलाई को 10 हजार रुपए अवैध तरीके से निकाले गए। इस प्रकार दोनों के खातों से कुल 60 हजार रुपए की निकासी कर ली गई।
पीड़ित को इसकी जानकारी तब हुई, जब वह 27 जुलाई को सीएसपी में पैसे निकालने गया तो खाते में रकम कम मिली। इसके बाद पीड़ित ने भारतीय स्टेट बैंक शाखा, तीनपहाड़ से संपर्क किया और स्टेटमेंट निकलवाया जिसमें पैसे की अवैध निकासी का पता चला। बैंक से जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर थाना में दर्ज कराई है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और खातों से पैसे निकालने वाले साइबर ठगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


