Crime News: हजारीबाग पुलिस का विशेष समकालीन अभियान, 33 फरार अपराधी गिरफ्तार

हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर 01/02 अगस्त 2026 की रात्रि जिलेभर में अपराधियों के विरुद्ध विशेष समकालीन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य चोरी, लूट, डकैती सहित विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार चल रहे अपराधियों, वारंटियों एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना था। जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में यह अभियान एक साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 30 विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में लगभग 113 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। पूरी रात चले सघन छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में फरार 33 अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई तथा फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई की गई। इससे जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में रह सकें।
पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में चोरी, लूट, डकैती या अन्य मामलों में फरार अपराधी छिपे होने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल अपने नजदीकी थाना को दें। सूचना मिलते ही पुलिस उसका सत्यापन कर त्वरित एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।


