डीसी के निर्देश पर शहर से गांव तक खुले प्याऊ केंद्र, चौक-चौराहों पर मिल रहा ठंडा पानी

साहिबगंज: जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के आदेश के बाद जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। आम लोगों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए उपायुक्त दीपक कुमार दुबे के निर्देश पर जिले भर में व्यापक स्तर पर पेयजल व्यवस्था शुरू की गई है। जिला प्रशासन ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों का मकसद राहगीरों, महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को भीषण गर्मी में राहत पहुंचाना है।
ये प्याऊ केंद्र सभी प्रमुख चौक-चौराहे, बस स्टैंड, अस्पताल, स्टेशन, मुख्य बाजार पर खोले गए हैं जहां लोगों की आवाजाही सबसे ज्यादा रहती है। साथ ही गांवों में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों में भी प्याऊ केंद्र की व्यवस्था की गई है। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों के बाहर भी पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है ताकि काम से आने वाले लोगों को परेशानी न हो। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी प्याऊ केंद्रों पर ठंडे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। ऐसे स्थानों का चयन किया गया है जहां दिनभर लोगों की भीड़ रहती है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो सप्ताह से जिले का तापमान 35 से 38 डिग्री के पार चल रहा है। हीट वेव के कारण सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी मजदूरों, रेहड़ी-पटरी वालों और दूर-दराज से काम के लिए आने वाले ग्रामीणों को हो रही थी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 से 3 बजे तक बिना जरूरी काम के घर से न निकलें। ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं, सूती कपड़े पहनें और सिर ढककर ही बाहर निकलें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय अस्पताल से संपर्क करें।
गर्मी चाहे जितनी सख्त हो, अगर प्रशासन की नीयत साफ हो तो राहत पहुंचाई जा सकती है। साहिबगंज जिला प्रशासन का ये कदम ‘जनता का, जनता के लिए’ वाला है। अब जरूरत है कि ये प्याऊ केंद्र सिर्फ कागजों पर नहीं, जमीन पर भी लगातार चलते रहें।


