जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात, सौंपा मांगपत्र

गिरिडीह: जमुआ विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की और एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा।
जमुआ विधायक मंजू कुमारी द्वारा सौंपे गए मांगपत्र में जमुआ विधानसभा क्षेत्र की जनता की लंबे समय से लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है। मांगपत्र के माध्यम से मुख्य मांगें की गई हैं। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा: जमुआ में डिग्री कॉलेज की स्थापना और पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्वीकृति की मांग, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा मिल सके। बिजली संकट का समाधान: क्षेत्र में ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप की स्थापना और पावर सब-स्टेशन का निर्माण, ताकि बिजली की समस्या दूर हो और खराब ट्रांसफार्मर तुरंत बदले जा सकें।
सड़क और बुनियादी ढांचा: क्षेत्र की जर्जर एवं लंबित सड़कों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं के त्वरित समाधान की अपील। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई। जमुआ विधानसभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन मूलभूत सुविधाओं की अपेक्षा कर रही है।
इन मांगों के पूरा होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होगी, युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, ट्रांसफार्मर खराब हो जाने की स्थिति में तुरंत ट्रांसफार्मर की उपलब्धता तथा आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी। जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि जमुआ की जनता के विश्वास, अधिकार और विकास के लिए मेरा संकल्प अटूट है।
क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक के हित में मेरा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जमुआ विधायक की सभी मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने जनहित से जुड़े इन संवेदनशील विषयों पर सकारात्मक पहल करने और समस्याओं के त्वरित निष्पादन का भरोसा दिया।


