Bokaro News : प्लांट प्लाजा रोड पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के आरएमपी विभाग द्वारा बोकारो के प्लांट प्लाजा रोड पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों ने भाग लेकर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संदेश दिया और ‘जीरो एक्सीडेंट’ लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प लिया।

बोकारो  : इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के आरएमपी विभाग द्वारा  25 फरवरी  को प्लांट प्लाजा रोड पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संयंत्र के सभी कार्मिकों एवं श्रमिकों के दैनिक जीवन में सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना है, ताकि कार्यस्थल और सड़क पर होने वाली अनचाही दुर्घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

यह पहल बीएसएल परिसर के भीतर सड़कों को सुरक्षित बनाने तथा सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।इस जागरूकता अभियान में बड़ी संख्या में अधिकारियों, गैर-कार्यपालक कार्मिकों एवं संविदा श्रमिकों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने सुरक्षा संदेशों से युक्त बैनर और नारों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (रिफ्रैक्टरीज़)  एन. श्रीकांत, मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएँ)  बिपिन कृष्ण सरतापे तथा महाप्रबंधक (आरएमपी)  मुकेश कुमार सिंह उपस्थित थे। इन वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सुरक्षा मानकों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने हेतु प्रेरित किया। यह आयोजन बीएसएल की ‘सुरक्षा प्रथम’ की कार्य-संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास है।

इस प्रकार के निरंतर कार्यक्रमों से न केवल कार्मिकों में सुरक्षा के प्रति सजगता आती है, बल्कि यह संयंत्र की उत्पादकता और ‘शून्य दुर्घटना’ (जीरो एक्सीडेंट) के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी सहायक सिद्ध होता है।बीएसएल प्रबंधन सुरक्षित कार्य परिवेश सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता अभियान जारी रखने के प्रति संकल्पित है।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More