Bokaro News: उपभोक्ताओं के लिए खास पहल: बीएसएल में ‘इलेक्ट्रिकल वीक’ से मिलेगी राहत

बोकारो: बोकारो इस्पात संयंत्र के नगर-सेवा विभाग में ‘इलेक्ट्रिकल वीक’ का शुभारंभ किया गया। सप्ताह भर चलने वाला यह विशेष कार्यक्रम उपभोक्ताओं को सुलभ, पारदर्शी एवं उत्तरदायी विद्युत सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस ‘इलेक्ट्रिकल वीक’ का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी शिकायतों एवं समस्याओं का यथासंभव प्रभावी निवारण सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ता अपनी विद्युत समस्याएँ, शिकायतें तथा सुझाव नगर-सेवा भवन में प्रस्तुत कर सकते हैं।
यह आयोजन वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सेवा प्रदाता एवं उपभोक्ताओं के बीच संवाद को सुदृढ़ करना है। इस अवसर पर कंज्यूमर ग्रीवेंस रिड्रेसल फोरम (सीजीआरएफ), बोकारो के सदस्य तथा नगर-सेवा (टीए-इलेक्ट्रिकल) विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर-सेवा विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे ‘इलेक्ट्रिकल वीक’ में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अपनी शिकायतों के साथ-साथ रचनात्मक सुझाव भी साझा करें, ताकि सेवाओं में और अधिक सुधार लाया जा सके।


