Bokaro News: ई20 पेट्रोल के खिलाफ आम आदमी पार्टी का ‘झारखंड टाउन हॉल’ आयोजित

बोकारो: ई20 पेट्रोल से जुड़े जनहित के मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी द्वारा आयोजित ई20 के खिलाफ झारखण्ड टाउन हाॅल कार्यक्रम स्थानीय निर्मल भवन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, वाहन चालक एवं जागरूक नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ई20 पेट्रोल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई तथा लोगों ने अपने अनुभव, समस्याएं, सवाल और सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़कर लोगों ने ई20 पेट्रोल से संबंधित अपनी चिंताओं को सामने रखा। जमशेदपुर से बाहर रहने वाले अनेक लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान आप के प्रदेश प्रभारी शिवचरण गोयल ने वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने जबरन देश की जनता पर ई20 पेट्रोल लादेन दिया है। इससे देश भर में लाखों-लाख गाड़ियां खराब हो रहीं हैं। इसके खिलाफ देश भर में पार्टी का अभियान चल रहा है।
प्रदेश सह प्रभारी सुशील सिंह ने कहा कि दुनियाभर के विकसित देश भी ई10 तक ही पेट्रोल का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन चंद पूंजीपतियों के लाभ के लिए केंद्र सरकार देश पर ई20 लाद रही है। अन्य अनेक वक्ताओं ने भी कहा कि ई20 पेट्रोल को लेकर आम वाहन चालकों के मन में कई सवाल और चिंताएं हैं। सरकार को इन मुद्दों पर जनता की बात सुननी चाहिए और वाहन चालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक अभिषेक कुमार ने किया। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता भाष्कर सुमन, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश, शंभु सिंह गांधी, विनीता मिश्रा, विधान चंद्र राय, राजेश लिंडा, संगीता तिर्की, सहित अन्य ने भी विचार रखे।
आम आदमी पार्टी, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
जिला कमेटी की ओर से अपने वक्तव्य में कहा गया कि ई20 पेट्रोल से जुड़े जनहित के मुद्दों पर जनता की आवाज़ को आगे भी मजबूती से उठाया जाएगा और इस विषय पर जनजागरूकता अभियान जारी रहेगा।
ई20 पेट्रोल से जुड़े जनहित के मुद्दों पर चर्चा, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों ने अपने अनुभव और समस्याएं साझा कीं। अरविंद केजरीवाल के साथ लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। जमशेदपुर के साथ-साथ बाहर के लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से भी भाग लिया। ई20 पेट्रोल से जुड़े सवालों को व्यापक स्तर पर उठाने का संकल्प लिया गया।


