Bokaro News : बीएसएल के निदेशक प्रभारी ने किया दो दिवसीय बसंत मेले का उद्घाटन

बोकारो के सेक्टर-5 स्थित पुस्तकालय मैदान में दो दिवसीय बसंत मेले का उद्घाटन बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने किया। मेले में कुल 106 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें बीएसएल के 37 विभागीय स्टॉल शामिल हैं।

बोकारो: 28 फरवरी को पुस्तकालय मैदान, सेक्टर-5 में दो दिवसीय बसंत मेला का उद्घाटन बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने किया। इस मौके पर महिला समिति की अध्यक्ष शुभम रंजन, बीएसएल के अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक, अन्य अधिकारी-कर्मी तथा नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

मेला का विधिवत उद्घाटन निदेशक प्रभारी ने मेला का झंडा फहराकर तथा गुब्बारे उड़ाकर किया।

इस वर्ष मेले में कुल 106 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें बीएसएल के विभिन्न विभागों के 37 स्टॉल भी शामिल हैं। बीएसएल के स्टॉल में इस्पात उत्पादन प्रक्रिया से जुड़े मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं, जो लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इसके अलावा नगर प्रशासन के विभिन्न अनुभाग, बोकारो जनरल अस्पताल, सीएसआर, जनसंपर्क, माइंस, कोलियरीज, एसआरयू, सीएमओ आदि के स्टॉल भी रोचक अंदाज में सजाए गए हैं। विभिन्न प्रकार के सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

मेले में व्यावसायिक स्टॉल भी बड़ी संख्या में लगाए गए हैं, जबकि फूड स्टॉल एवं मीना बाजार भी लोगों को लुभा रहे हैं। बसंत मेले में स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही छऊ नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मेला 1 मार्च को भी जारी रहेगा। मेले के दूसरे दिन रॉक बैंड की प्रस्तुति के अलावा महिला समिति का रैफल ड्रा भी संपन्न होगा।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More