Bokaro News: सस्टेनेबल ट्रांसपोर्टेशन के अंतरराष्ट्रीय अभियान से जुड़ा डीपीएस बोकारो, नाइजीरिया के स्कूल से साझेदारी

बोकारो: शिक्षा को केवल चहारदीवारी और पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों को वैश्विक सोच, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और समकालीन वैश्विक चुनौतियों से जोड़ने की दिशा में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। ब्रिटिश काउंसिल के प्रतिष्ठित आरआईडीएस (Recognition of International Dimensions in Schools) कार्यक्रम के अंतर्गत डीपीएस बोकारो ने पर्यावरण संरक्षण और ‘सस्टेनेबल ट्रांसपोर्टेशन’ (संधारणीय परिवहन) के वैश्विक विषय पर नाइजीरिया के प्रसिद्ध क्रेस्टफोर्थ इंटरनेशनल स्कूल के साथ अंतरराष्ट्रीय साझेदारी की है।
इसके तहत विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली, अवेयरनेस सर्वे, पोस्टर मेकिंग, प्रश्नावली एवं लॉगबुक तैयार करने जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘ग्रीन व्हील्स’ रैली के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इस अभियान की कड़ी में ‘ग्रीन व्हील्स’ नामक जागरूकता रैली में डीपीएस बोकारो के दर्जनों छात्र शामिल हुए। हाथों में रंग-बिरंगे स्लोगन, पोस्टर, बैनर और आकर्षक तख्तियां लिए विद्यार्थियों का यह कारवां सेक्टर-4 स्थित विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर लक्ष्मी मार्केट सहित नगर के प्रमुख क्षेत्रों से गुजरा।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने आम नागरिकों को निजी वाहनों के विवेकपूर्ण उपयोग, कार्बन उत्सर्जन में कमी, साइकिल के प्रयोग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने के प्रति जागरूक किया।
भारत और नाइजीरिया के विद्यार्थियों ने किया ज्ञान का आदान-प्रदान
अभियान का सबसे अहम हिस्सा नाइजीरिया के उक्त स्कूल के विद्यार्थियों के साथ रोचक वीडियो संवाद रहा। डिजिटल स्क्रीन के जरिए सात समंदर पार जुड़े भारत और नाइजीरिया के विद्यार्थियों ने न केवल अपनी-अपनी भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों पर विचार-विमर्श किया, बल्कि अपने-अपने देशों में सतत एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देने के व्यावहारिक उपायों और नवाचारों पर भी खुलकर ज्ञान का आदान-प्रदान किया।
इस साझेदारी के अगले चरण में नाइजीरियाई स्कूल द्वारा आयोजित गतिविधियों और प्रोजेक्ट्स को भी डीपीएस बोकारो के साथ साझा किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण हम सभी का साझा एवं नैतिक दायित्व : प्राचार्य डॉ. गंगवार
वैश्विक भविष्य को सुरक्षित करने में इस पहल को मील का पत्थर बताते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का साझा एवं नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी के लिए एक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ ग्रह का निर्माण तभी संभव है, जब हम अपनी जीवनशैली में हरित एवं संधारणीय परिवहन को अनिवार्य रूप से शामिल करें।
डॉ. गंगवार ने कहा कि डीपीएस बोकारो अपने विद्यार्थियों को सिर्फ अकादमिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय पटल पर जिम्मेदार और संवेदनशील ‘ग्लोबल सिटीजन’ बनाने के लिए निरंतर वैश्विक अवसर उपलब्ध कराता है।
प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ भी चलाया जागरूकता अभियान
दूसरी ओर, आरआईडीएस अभियान के तहत विद्यालय की प्राइमरी इकाई में ‘प्लास्टिक प्रदूषण’ के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें नन्हे छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक कलाकृतियों और पोस्टरों के माध्यम से सिंगल-यूज प्लास्टिक के बहिष्कार की भावपूर्ण अपील की।


