Bokaro News: समाहरणालय में आयोजित लोक संवाद कार्यक्रम में उपायुक्त ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
-1024x614.jpeg)
बोकारो: समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में मंगलवार को आयोजित हम आपको सुनते हैं कार्यक्रम (लोक संवाद) में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।कार्यक्रम के दौरान प्राप्त 45 आवेदनों पर क्रमवार सुनवाई करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में सेक्टर 1सी निवासी सोनू मिश्रा ने रांची में आयोजित होने वाले 70वें नेशनल स्कूल गेम्स 2026-27 में कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होने की इच्छा उपायुक्त के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून को संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक से समन्वय स्थापित कर सोनू मिश्रा का आवश्यक प्रपत्र भरवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, विद्युत, बीएसएल, डीपीएलआर, आपूर्ति, कल्याण एवं विभिन्न अंचल कार्यालयों से जुड़े मामलों पर भी सुनवाई हुई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन रिस्पॉन्सिव एवं नागरिक केंद्रित प्रशासन की अवधारणा के अनुरूप कार्य कर रहा है। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


