Bokaro News: आदर्श वृद्धाश्रम में युवाओं की अनूठी पहल, 5 दिनों तक बुजुर्गों की सेवा कर पेश की मिसाल

नावाडीह: मेरा युवा भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति द्वारा संचालित आदर्श वृद्धा आश्रम में एक्सपेरिमेंटल लर्निंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं ने लगातार पांच दिनों तक वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की सेवा की।
इस दौरान युवाओं ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया, उनसे बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा उनके अनुभवों को सुना। साथ ही बुजुर्गों के स्वास्थ्य की देखभाल करते हुए उनका ब्लड प्रेशर शुगर एवं वजन का मापन भी किया गया। युवाओं ने बुजुर्गों को दैनिक कार्यों में सहयोग प्रदान कर सेवा एवं सम्मान का संदेश दिया।
आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने कहा कि मेरा युवा भारत के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक सेवा, संवेदनशीलता एवं मानवीय मूल्यों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को बुजुर्गों के अनुभवों से सीखने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि युवाओं ने पूरे समर्पण एवं सेवा भावना के साथ वृद्धजनों की देखभाल की, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। संस्था भविष्य में भी इस तरह के जनसेवा एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।कार्यक्रम में कोमल कुमारी, तनु कुमारी, मनीषा कुमारी, चंदन शर्मा, अजय कुमार एवं अरुण कुमार शामिल थे। सभी युवाओ को मेरा युवा भारत के द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इस अवसर पर भुनेश्वर महतो एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य किरण देवी मुख्य रूप से उपस्थित थे।


