Bokaro News: उपायुक्त अजय नाथ झा ने 47 प्रतिष्ठानों की अग्निशमन रिपोर्ट की समीक्षा की

बोकारो: शनिवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के होटल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए फायर सेफ्टी मानकों के उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फायर सेफ्टी सीधे लोगों के जीवन एवं सुरक्षा से जुड़ा विषय है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
वीडियो संवाद के माध्यम से आहूत बैठक में 47 होटल/प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। समीक्षा में पाया गया कि ज्यादातर प्रतिष्ठानों में प्रवेश एवं निकास के लिए एक ही साझा मार्ग है। वहीं, प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी/प्रशिक्षित फायर सेफ्टी कर्मी भी उपलब्ध नहीं है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रतिष्ठानों में फायर एनओसी, नेशनल बिल्डिंग कोड, आपातकालीन निकास, बेसमेंट के उपयोग, पहुंच मार्ग एवं अन्य निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जाए।
निरीक्षण में पाई गई कमियों एवं उनके सुधार के संबंध में स्पष्ट रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया।उपायुक्त ने चास अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश किया कि निर्धारित मानकों के अनुपालन नहीं करने के आधार पर चिन्हित प्रतिष्ठानों के संचालकों को नोटिस देकर सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई चरणबद्ध, पारदर्शी एवं नियमसम्मत तरीके से की जाए तथा प्रत्येक कार्रवाई का विधिवत रिकॉर्ड रखा जाए।
उपायुक्त ने कहा कि फायर सेफ्टी जांच का दायरा बढ़ाते हुए कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, हॉस्टल, शैक्षणिक संस्थानों में भी अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। उन्होंने फायर सेफ्टी निरीक्षण को हर दो माह में नियमित रूप से कराने का निर्देश दिया, ताकि कमियों की पहचान कर समय रहते सुधार कराया जा सके।उन्होंने स्पष्ट कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं किया जा सकता। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


