Bokaro News: अवैध खनन पर ‘जीरो टॉलरेंस’: डीसी अजय नाथ झा ने टास्क फोर्स को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

बोकारो समाहरणालय में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई। उपायुक्त ने अवैध बालू खनन और परिवहन पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए पुलिस, वन और परिवहन विभाग को संयुक्त छापेमारी करने का निर्देश दिया। साथ ही, जिले के दो स्वीकृत बालू घाटों को शीघ्र संचालित करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा।

बोकारो: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित खनन गतिविधियों, अवैध बालू खनन एवं परिवहन की रोकथाम, वैध बालू घाटों के संचालन, खनिज संपदाओं की सुरक्षा तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की। 

बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में अवैध बालू खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से राजस्व की क्षति होने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित होता है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर कार्रवाई करें।बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वन विभाग द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन नियमित रूप से प्राप्त करें।

उन्होंने कहा कि वन विभाग, पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग एवं जिला प्रशासन संयुक्त रूप से अभियान चलाएं ताकि अवैध गतिविधियों पर व्यापक नियंत्रण स्थापित किया जा सके।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने एवं कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।बैठक में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि जिले के कुल 7 बालू घाटों में से 2 बालू घाटों को स्वीकृति सहित अन्य आवश्यक क्लियरेंस प्राप्त हो चुकी है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करते हुए दोनों घाटों का संचालन जल्द प्रारंभ कराया जाए, ताकि आम जनता एवं निर्माण कार्यों के लिए वैध रूप से बालू की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। 

उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि बिना नंबर प्लेट अथवा अवैध रूप से संचालित ट्रैक्टरों एवं वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कई मामलों में बिना पंजीकरण वाले वाहनों का उपयोग अवैध खनिज परिवहन में किया जाता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने नियमित वाहन जांच अभियान चलाने एवं दोषी वाहन मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।बैठक के क्रम में जिला खनन पदाधिकारी  रवि कुमार ने टास्क फोर्स द्वारा की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर 2025 से 13 मार्च 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बालू, पत्थर एवं कोयला से संबंधित कुल 301.825 खनिज जब्त किए गए हैं। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन एवं खनन में संलिप्त 46 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि 12 प्राथमिकी दर्ज की गई। साथ ही विभिन्न मामलों में कुल 2.45 लाख रुपये की जुर्माना राशि वसूली गई।

बैठक में अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, चास अनुमंडल पदाधिकारी  प्रांजल ढांडा, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुआ, एसडीपीओ सिटी आलोक रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी मारूति मिंज, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी आदि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More