Bokaro News: समाहरणालय परिसर में दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का किया गया वितरण

बोकारो: समाहरणालय परिसर में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत बीसीसीएल के सहयोग से दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त अजय नाथ झा द्वारा बैटरी चालित ट्राईसाइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के 10 चयनित लाभार्थियों के बीच ट्राईसाइकिल वितरित की गई जिससे उनके दैनिक जीवन और आवागमन को आसान बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त अजय नाथ ने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस तरह की पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैटरी से चलने वाली ट्राईसाइकिल उन्हें रोजगार, शिक्षा एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए सक्षम बनाएगी। उन्होंने कहा कि सी एस आर के माध्यम से कंपनियां समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान में अहम भूमिका निभा रही हैं।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बैटरी चालित ट्राईसाइकिल उनके जीवन को अधिक सरल और आत्मनिर्भर बनाएगी। इससे वे बिना किसी पर निर्भर हुए अपने दैनिक कार्य, शिक्षा तथा रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को आसानी से कर सकेंगे।
डीसी ने यह भी कहा कि सी एस आर के तहत इस तरह की पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने संबंधित कंपनियों एवं संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से जरूरतमंदों तक आवश्यक संसाधन पहुंचाए जा रहे हैं। आगे भी इस तरह के कार्यक्रमों को जारी रखने पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन इसका लाभ उठा सकें।


