कॉकरोच जनता पार्टी पर सियासी संग्राम! BJP ने फाउंडर अभिजीत दीपके पर उठाए बड़े सवाल, जानें पूरा मामला
-1024x614.jpg)
Cockroach Janata Party: भारत के चीफ जस्टिस की एक टिप्पणी से पैदा हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ इन दिनों सियासी तूफान के बीच में है। पार्टी को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त घमासान मचा हुआ है और अब बीजेपी ने इस पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके पर सीधे निशाना साधा है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर दीपके की मनीष सिसोदिया के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए दावा किया कि वो दरअसल आम आदमी पार्टी यानी अरविंद केजरीवाल के कार्यकर्ता हैं। इसके साथ ही उन्होंने दीपके की विदेश यात्रा के खर्च को लेकर भी बड़ा सवाल खड़ा किया है।
सोरोस फाउंडेशन का नाम क्यों आया?
निशिकांत दुबे ने सीधे और तीखे अंदाज में पूछा “अभिजीत दीपके बोस्टन किसके पैसे से गया? क्या उसके वहां रहने और खाने-पीने का खर्च सोरोस फाउंडेशन उठा रहा है?” उन्होंने इसे विपक्ष के लिए एक सीधी चेतावनी बताते हुए कहा कि देश को तोड़ने के लिए क्या विदेशी ताकतों की मदद ली जाएगी? दुबे के इस बयान ने पूरे मामले को एक नया और संवेदनशील मोड़ दे दिया।
https://twitter.com/nishikant_dubey/status/2057661812318126272?s=20
X अकाउंट बंद हुआ, नया हैंडल घंटों में तैयार
इस पूरे विवाद के बीच गुरुवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का एक्स अकाउंट अचानक बंद कर दिया गया। इस अकाउंट पर उस वक्त 2 लाख 1 हजार से ज्यादा फॉलोअर थे। लेकिन जो लोग सोच रहे थे कि इससे मामला थम जाएगा, वो गलत निकले। बंद होने के कुछ ही घंटों के भीतर “कॉकरोच मरता नहीं है” की टैगलाइन के साथ ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से एक नया हैंडल बना दिया गया और शाम होते-होते उसके फॉलोअर 39,000 के पार पहुंच गए।
पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि उन्हें पहले से ही इस बात का अंदाजा था, क्योंकि एक दिन पहले से ही उनके अकाउंट को हैक करने की कोशिशें हो रही थीं। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम उलटा पड़ा है और उनकी टीम इस पूरे मामले को कानूनी तरीके से आगे ले जाएगी। नए हैंडल ने भी एक बार फिर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को दोहराया।
आखिर कैसे बनी यह पार्टी?
इस पार्टी की कहानी शुरू होती है भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की उस विवादित टिप्पणी से, जब उन्होंने वरिष्ठता की मांग कर रहे एक वकील पर नाराजगी जताते हुए “परजीवी” और “कॉकरोच” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस बयान ने कानूनी और सामाजिक हलकों में तीखी बहस छेड़ दी। बाद में चीफ जस्टिस ने सफाई दी कि उनकी टिप्पणी का गलत मतलब निकाला गया और वो दरअसल उन लोगों के बारे में बोल रहे थे जो फर्जी डिग्रियों के दम पर वकालत के पेशे में घुस जाते हैं।
न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने यह बात 15 मई को कही थी और ठीक अगले दिन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर धमाके के साथ सामने आई। देखते ही देखते यह वायरल हो गई। नेताओं, कार्यकर्ताओं, कलाकारों और खासतौर पर बड़ी तादाद में युवाओं ने इसे हाथोंहाथ लिया। भारत में एक्स पर इसकी सीधी पहुंच फिलहाल बंद है, लेकिन वीपीएन के जरिए लोग इसे एक्सेस कर रहे हैं। वहीं इंस्टाग्राम पर इसका पेज पूरी तरह सक्रिय है और गुरुवार शाम तक इसके फॉलोअर की संख्या करीब 1 करोड़ 56 लाख तक पहुंच गई थी। एक पोस्ट में इसकी तुलना भाजपा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से की गई, जिसके महज 88 लाख फॉलोअर हैं यानी कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम बीजेपी से भी आगे निकल गया।




