साहिबगंज में छठ की तैयारी जोरों पर, घाटों से लेकर बाजारों तक दिख रही रौनक

साहिबगंज: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर साहिबगंज में तैयारियां तेज हो गई हैं। नहाय-खाय के साथ 13 नवंबर से चार दिवसीय छठ अनुष्ठान की शुरुआत होगी। इसे लेकर गंगा घाटों पर साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, वहीं बाजारों में भी पर्व की रौनक देखते ही बन रही है।
घाटों पर प्रशासन अलर्ट, चल रहा सौंदर्यीकरण
जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर परिषद द्वारा सभी प्रमुख छठ घाटों—मुक्तेश्वर धाम घाट, बिजली घाट, सकरी गली घाट, छोटी कोदरजन्ना और बड़ी कोदरजन्ना घाट—पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। खतरनाक और गहरे पानी वाले घाटों को चिह्नित कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। एसडीएम ने सभी घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया है।
बाजारों में उमड़ी भीड़, महंगे हुए फल
बाजारों में बांस से बने सूप, डलिया, टोकरी के साथ-साथ फल, नए कपड़े और पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। सूप 150 से 300 रुपये जोड़ी, तो टोकरी 200 रुपये तक बिक रही है। नारियल, केला, सेब, संतरा, गन्ना और नींबू की मांग बढ़ने से कीमतों में भी 20 फीसदी तक का उछाल आया है। इसके बावजूद खरीदारों की भीड़ से बाजार गुलजार हैं।
13 नवंबर को नहाय-खाय, 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ महापर्व का समापन होगा।
प्रवासियों की हो रही घर वापसी
इधर, पूरे क्षेत्र में बज रहे पारंपरिक शारदा सिन्हा के छठ गीतों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। दिल्ली, मुंबई, सूरत, पंजाब, कर्नाटक समेत अन्य महानगरों में रह रहे प्रवासी मजदूर और नौकरीपेशा लोग भी महापर्व मनाने के लिए अपने गांव-घर लौटने लगे हैं। इससे रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भीड़ बढ़ गई है तथा घरों में खुशी दोगुनी हो गई है।


