अमेरिका-ब्रिटेन समेत 22 देशों ने ईरान को घेरा, संयुक्त बयान से बढ़ा दबाव

नई दिल्ली: अमेरिका, ब्रिटेन समेत 22 देशों ने ईरान पर विदेशों में रह रहे लोगों को धमकाने, उनका अपहरण करने और उन पर हमलों की कथित साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन देशों ने एक संयुक्त बयान जारी कर ईरान से ऐसी गतिविधियां तुरंत बंद करने की मांग की है और अपने नागरिकों की सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता जताई है।
ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय के अनुसार, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी), उसकी कुद्स फोर्स और खुफिया एजेंसियां कथित तौर पर ईरानी सरकार के आलोचकों, पत्रकारों तथा यहूदी और इजराइली समुदाय से जुड़े लोगों को निशाना बना रही हैं। संयुक्त बयान में इन गतिविधियों को अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया गया है।
बयान में कहा गया है कि संबंधित देश मिलकर इन खतरों का सामना करेंगे और ईरान से अपेक्षा करते हैं कि वह ऐसी सभी कथित कार्रवाइयों को तत्काल प्रभाव से बंद करे।
इस संयुक्त बयान का समर्थन ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, नॉर्वे, पुर्तगाल और स्वीडन सहित कई देशों ने किया है। सभी देशों ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।


