साहिबगंज से हनीट्रैप की आरोपी अर्पिता सरकार गिरफ्तार, STF कर रही आतंकी नेटवर्क की जांच

पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने साहिबगंज से अर्पिता सरकार नामक महिला को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार यह कार्रवाई बर्धमान से गिरफ्तार हमीम मंडल की पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई। जांच एजेंसी का दावा है कि महिला कथित हनीट्रैप नेटवर्क से जुड़ी थी और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावशाली लोगों से संपर्क कर संवेदनशील जानकारी हासिल करने का प्रयास करती थी।

साहिबगंज:  पश्चिम बंगाल में कथित आतंकी नेटवर्क की चल रही जांच के बीच स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शुक्रवार रात झारखंड के साहिबगंज से एक महिला को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार महिला की पहचान अर्पिता सरकार के रूप में हुई है। जांच एजेंसी का दावा है कि अर्पिता का सीधा संबंध बर्धमान से पकड़े गए हमीम मंडल से था और वह कथित हनीट्रैप नेटवर्क में अहम भूमिका निभा रही थी।  

कैसे हुई गिरफ्तारी 

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को बर्धमान से हमीम मंडल को गिरफ्तार किया गया था। पूछ-ताछ के दौरान हमीम ने अर्पिता सरकार का नाम लिया और बताया कि वह नेटवर्क के लिए काम करती है। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ की एक विशेष टीम देर रात साहिबगंज पहुंची और छापेमारी कर अर्पिता को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे तुरंत पश्चिम बंगाल लाया गया। अब उसे अदालत में पेश किया जाएगा, जहां एसटीएफ आगे की पूछ-ताछ के लिए रिमांड मांगेगी।  

हनीट्रैप के जरिए बड़े लोगों को करती थी टारगेट  

एसटीएफ का दावा है कि अर्पिता सरकार को नेटवर्क में खास तौर पर हनीट्रैप के लिए इस्तेमाल किया जाता था। एजेंसी के मुताबिक, वह सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों और राजनीतिक रूप से प्रभाव रखने वाले लोगों से दोस्ती करती थी। इसके बाद उन्हें भावनात्मक और व्यक्तिगत संबंधों के जाल में फंसाकर संवेदनशील सरकारी और सुरक्षा संबंधी जानकारी निकालने का प्रयास करती थी। एसटीएफ का कहना है कि अर्पिता से मिली जानकारी को आगे नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचाया जाता था ताकि उसका इस्तेमाल गलत गतिविधियों में किया जा सके। फिलहाल इन सभी आरोपों की पुष्टि जांच और अदालत में होनी बाकी है।  

पूछ-ताछ में खुल सकते हैं और नाम  

एसटीएफ का कहना है कि हमीम मंडल ने पूछ-ताछ में नेटवर्क की कार्यशैली और उससे जुड़े लोगों के बारे में कई अहम जानकारियां दी हैं। उसी के आधार पर अर्पिता तक पहुंचा गया। अब अर्पिता से गहन पूछ-ताछ कर यह पता लगाने की कोशिश होगी कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं। इसका संचालन कहां से हो रहा है और अब तक कितनी जानकारी लीक की गई है? जांच एजेंसी अर्पिता के मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक ट्रांजेक्शन और सोशल मीडिया चैट की भी जांच करेगी, ताकि नेटवर्क के अन्य कड़ियों को जोड़ा जा सके। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क की असल तस्वीर सामने आएगी।  

ISI कनेक्शन पर भी नजर  

इस पूरे मामले में एक और अहम पहलू पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संभावित संबंध का है। एसटीएफ पहले ही कह चुकी है कि वह इस एंगल से भी जांच कर रही है। हमीम मंडल इस समय 14 दिन की एसटीएफ की रिमांड पर है और उससे लगातार पूछ-ताछ की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि अभी जांच प्रारंभिक चरण में है अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने के बाद ही पूरे नेटवर्क की साजिश और मकसद साफ हो पाएगा। इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और झारखंड-पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More