7-8 माह से वेतन नहीं मिलने पर फूटा स्वास्थ्यकर्मियों का गुस्सा, दुमका में धरना देकर दी आंदोलन की चेतावनी
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
दुमका: झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले स्वास्थ्य विभाग के अनुबंध और आउटसोर्सिंग कर्मियों ने शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय, दुमका के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मियों ने लंबित वेतन, मानदेय और अन्य मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सिविल सर्जन को मांग-पत्र सौंपा।
कर्मियों का आरोप है कि अनुबंध कर्मियों को तीन से चार माह तथा आउटसोर्सिंग कर्मियों को सात से आठ माह से मानदेय और पारिश्रमिक का भुगतान नहीं किया गया है। इससे उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट गहरा गया है। बच्चों की पढ़ाई, इलाज और रोजमर्रा के खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद स्वास्थ्यकर्मी लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
धरना के दौरान कर्मचारियों ने स्व. रेखा कुमारी, अनुबंध एएनएम, जामताड़ा के आश्रितों को 10 लाख रुपये मुआवजा और उनके पति को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग उठाई। साथ ही लंबित वेतन भुगतान, 8 प्रतिशत वेतन वृद्धि लागू करने, प्रोत्साहन राशि के भुगतान, स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने, ईपीएफ और ईएसआई से जुड़ी अनियमितताओं की जांच तथा आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की मांग की गई।
कर्मियों ने यह भी मांग की कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को रिक्त पदों के विरुद्ध अनुबंध पर समायोजित किया जाए और महिला कर्मियों को मातृत्व अवकाश सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था में व्यावहारिक सुधार तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों में नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
संघ के जिला सचिव कैलाश प्रसाद साह ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी लगातार सेवा दे रहे हैं, लेकिन सरकार और विभाग उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं। यदि जल्द मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना कार्यक्रम में महासंघ के जिला मंत्री राजीव नयन तिवारी, चिकित्सा संघ के अध्यक्ष तपन कुमार ठाकुर, कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, जरमुंडी प्रखंड मंत्री मनोज कुमार, विनीता कुमारी, वरुण कुमार, सुप्रियो साहा, सुनाली रुज, मोनिका मरांडी, शांति हेम्ब्रोम, सरोज भगत, प्रिसिला सोरेन सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए।


