श्रावणी मेला के लिए साहिबगंज, पाकुड़ समेत 6 जिलों से चले स्पेशल ट्रेनें, झारखंड रेल यूज़र्स की मांग

श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए झारखंड रेल यूज़र्स ने रेलवे से साहिबगंज, पाकुड़, गिरिडीह, हजारीबाग टाउन, पलामू (गढ़वा एवं डाल्टनगंज/मेदिनीनगर) और लातेहार से जसीडीह/देवघर तक स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की है।

साहिबगंज:  सावन महीने में देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए “झारखंड रेल यूज़र्स” ने रेलवे से बड़ी मांग की है। संगठन ने रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड को ई-मेल भेजकर श्रावणी मेला के दौरान राज्य के कई जिलों से जसीडीह/देवघर के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की है।

 झारखंड रेल यूज़र्स का कहना है कि श्रावणी मेला के दौरान गिरिडीह, हजारीबाग टाउन, पलामू क्षेत्र – गढ़वा एवं डाल्टनगंज/मेदिनीनगर, लातेहार, पाकुड़ और साहिबगंज जैसे क्षेत्रों से जसीडीह या देवघर के लिए न तो कोई सीधी ट्रेन है और न ही कोई श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाई जाती है। इन इलाकों के हजारों श्रद्धालुओं को हर साल मेला में शामिल होने के लिए कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है या बसों का सहारा लेना पड़ता है।

संगठन ने अपनी मांग को लेकर रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, संबंधित जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों, मंडल रेल प्रबंधकों और झारखंड के सभी सांसदों को विस्तृत ई-मेल भेजा है। झारखंड रेल यूज़र्स ने कहा कि यह मुद्दा पिछले कई वर्षों से जनप्रतिनिधियों द्वारा ZRUCC, DRUCC और रेलवे बोर्ड के समक्ष उठाया जाता रहा है, लेकिन अब तक इन क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को न्यायसंगत रेल सुविधा नहीं मिल सकी है।

 संगठन ने उम्मीद जताई है कि रेलवे इस लंबे समय से लंबित जनहित की मांग पर गंभीरता से विचार करेगा और झारखंड के श्रद्धालुओं को भी अन्य राज्यों की तरह समान एवं न्यायसंगत रेल सुविधा प्रदान करेगा। सावन शुरू होने से पहले यह मांग एक बार फिर जोर पकड़ रही है।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More