डेब्यू टेस्ट में छाए मानव सुथार, 46 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास

न्यू चंडीगढ़: भारत के युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने अपने पदार्पण टेस्ट मैच को यादगार बनाते हुए इतिहास रच दिया। अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट में मानव सुथार ने 33 रन देकर 6 विकेट झटके और अफगानिस्तान की पहली पारी को 152 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। भारत ने पहली पारी में 564 रन बनाकर 412 रन की विशाल बढ़त हासिल की और इसके बाद अफगानिस्तान को फॉलोऑन दिया।
तीसरे दिन 5 विकेट पर 113 रन से आगे खेलने उतरी अफगानिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। रहमत शाह ने संघर्ष करते हुए अर्धशतक लगाया, लेकिन उन्हें छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। मानव सुथार ने लगातार झटके देकर अफगानिस्तान की पारी को बिखेर दिया। प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन और वाशिंगटन सुंदर ने एक विकेट हासिल किया।
दिलीप दोशी का 46 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
मानव सुथार का यह प्रदर्शन कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। वह पदार्पण टेस्ट में किसी भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर द्वारा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 1979 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू टेस्ट में दिलीप दोशी द्वारा लिए गए 6 विकेट (103 रन) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
डेब्यू टेस्ट में 5 विकेट लेने वाले भारत के 10वें गेंदबाज
मानव सुथार अपने पहले ही टेस्ट मैच में पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले भारत के 10वें गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 22 ओवर में मात्र 33 रन देकर 6 विकेट लिए। बल्लेबाजी में भी उन्होंने 28 रन का योगदान दिया।
भारतीय क्रिकेट इतिहास में पदार्पण टेस्ट की पहली पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वालों की सूची में अब मानव सुथार तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में शीर्ष पर नरेंद्र हिरवानी हैं, जिन्होंने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में 61 रन देकर 8 विकेट लिए थे।
जीत की ओर बढ़ता भारत
फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान की टीम दूसरी पारी में भी संघर्ष करती नजर आई। तीसरे दिन का चायकाल तक अफगानिस्तान ने 5 विकेट के नुकसान पर 98 रन बनाए थे और वह अभी भी भारत से 314 रन पीछे है। भारत को जीत के लिए सिर्फ पांच विकेट की जरूरत है।
मानव सुथार के शानदार प्रदर्शन ने न सिर्फ भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया है, बल्कि भारतीय क्रिकेट को एक नया स्पिन स्टार भी दे दिया है। उनके इस ऐतिहासिक डेब्यू की चर्चा अब पूरे क्रिकेट जगत में हो रही है।




