भारत ने 100 करोड़ कोविड वैक्सीन का बनाया रिकार्ड, विश्व नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को दी बधाइयां

नयी दिल्ली : भारत ने गुरुवार, 21 अक्टूबर 2021 को 100 करोड़ कोविड वैक्सीन का रिकार्ड बनाया। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश को विश्व समुदाय की ओर से बधाइयां मिल रही हैं। 100 करोड़वां वैक्सीन दिल्ली स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दिया गया और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं वहां पहुंचे थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन इतिहास में दर्ज़ हो गया है। भारत ने 100 करोड़ वैक्सीन डोज़ का आंकड़ा पार कर लिया है। 100 साल में आई सबसे बड़ी महामारी का मुकाबला करने के लिए देश के पास अब 100 करोड़ वैक्सीन डोज़ का मज़बूत सुरक्षा कवच है। ये उपलब्धि भारत और भारत के प्रत्येक नागरिक की है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक edros A. Ghebreyesus ने ट्वीट कर कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वैज्ञानिकों, स्वास्थ्यकर्मियों और भारत के लोगों को कोविड19 से कमजोर आबादी की रक्षा करने और वैक्सीन इक्विटी लक्ष्यों को प्राप्त करने के आपके प्रयासों पर बधाई।

वहीं, इजराइल के प्रधानमंत्री Naftali Bennett ने कहा कि भारत के सफल कोविड19 टीकाकरण अभियान का नेतृत्व करने के लिए पीएम मोदी को बधाई। भारत ने एक बिलियन कोविड टीकाकरण लगा लिया है। यह जीवन रक्षक टीका वैश्विक महामारी कोविड को हराने में हम सभी के लिए मददगार है।

नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा है कि यह एक बड़ी उपलिब्ध है। मुझे उम्मीद है कि हम दिसंबर के अंत तक पूरी आबादी को वैक्सीनेट करने के अपने लक्ष्य को पूरा करने में सक्षम होंगे। हम पीएम मोदी के नेतृत्व में सही रास्ते पर चल रहे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने भारत में 100 करोड़ कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा पार करने के अवसर पर दिल्ली के लाल किला से एक गाना और एक ऑडियो-वीडियो फिल्म लॉन्च किया। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार भी मौजूद रहीं।

मनसुख मांडविया ने कहा कि भारत ने ऐतिहासिक 100 करोड़ वैक्सीनेशन का आंकड़ा पार करके एक इतिहास रचा है। 100 करोड़ वैक्सीनेशन देशवासियों के विश्वास की अनुभूति है। 100 करोड़ वैक्सीनेशन आत्मनिर्भर भारत की दिवाली है।

नीति आयोग के सदस्य स्वास्थ्य डॉ वीके पॉल ने कहा, 100 करोड़ डोज़ के आंकड़े पर पहुंचाना बहुत ही अद्भुत है और ये वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू होने के सिर्फ 9 महीने में हासिल किया गया है। ये राज्य सरकारों, ज़िला टीमों और लोगों की उपलब्धि है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन में दक्षिण.पूर्व एशिया क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक डॉक्टर पूनम खेत्रपाल सिंह ने कहा कि भारत का ये माइलस्टोन बहुत खास है क्योंकि भारत ने अपने देश की जनता के साथ दुनिया के और देशों को भी वैक्सीन की करोड़ों डोज़ दी हैं। डब्ल्यूएचओ भारत को इस कामयाबी के लिए बहुत बधाई देता है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More