अगले कुछ सालों में कोरोना अन्य सामान्य जुकाम की तरह कर सकता है व्यवहार, बच्चों तक रह सकता है सीमित : अध्ययन

वाशिंगटन : दुनिया में कहर बरपा रही कोरोना महामारी का दायरा अगले कुछ सालों में सीमित हो सकता है। एक अध्ययन के अनुसार, यह संभावना है कि कोरोना वायरस (सार्स – सीओवी – 2) अगले कुछ वर्षाें में अन्य सामान्य सर्दी जुकाम वाले वायरसों की तरह व्यवहार कर सकता है। ऐसी स्थिति में यह अधिकतर उन्हें छोटे बच्चों को प्रभावित करेगा, जो टीके से वंचित रहे होंगे।
अध्ययन टीम में शामिल अमेरिकी-नार्वेजियाई टीम ने पाया कि कोविड19 की गंभीरता आमतौर पर बच्चों में कम होने के कारण इस बीमारी का खतरा हम होने की उम्मीद है।
वर्तमान में कोरोना वायरस का नया-नया वैरिएंट अधिक वैक्सीनेशन वाले देशों में संक्रमण की रफ्तार को तेज कर रहा है। नार्वे के ओस्लो विश्वविद्यालय के ओटार ब्योर्नस्टेड के अनुसार, कोरोना वायरस के संक्रमण के बाद तेजी से गंभीर परिणामों और उम्र के साथ घातक होने के स्पष्ट संकेत मिलते हैं। फिर भी हमारे माडलिंग परिणाम बताते हैं कि संक्रमण का खतरा बड़ों से बच्चों की तरफ शिफ्ट होगा। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि वयस्क आबादी ने या तो टीका लगवाकर या वायरस के संपर्क में आकर खुद के अंदर इम्युनिटी विकसित कर ली है।
अध्ययन का आधार यह तर्क
साइंस एडवांसेज जर्नल में प्रकाशित अध्ययन में कहा गया है कि इस तरह के बदलाव अन्य कोरोना वायरस और इन्फ्लएंजा वायरस में देखे गए क्योंकि वे तेजी से फैले और बाद में पूरी दुनिया में थम गए। ब्योर्नस्टेड के अनुसार, श्वसन रोगों के ऐतिहासिक रिकार्ड से यह संकेत मिलता है कि कुछ सालों के बाद कोई नयी महामारी स्थानिक बीमारी में बदल गयी।
1889-1890 रूसी फ्लू के नाम से फैली महामारी ने 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को प्रभावित किया था, तब इससे दस लाख लोग मर गए थे। अब यह एक सामान्य बीमारी है और सात से 12 महीने के बच्चे को होती है।
विशेषज्ञों ने यह भी कहा है कि टीकाकरण के कारण पैदा हुई इम्युनिटी, सार्स सीओवी – 2 के संपर्क में आकर पैदा हुई इम्युनिटी से बेहतर है। ऐसे में हमें अधिक से अधिक लोगों को जल्द टीका लगवाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।




