राहुल गांधी दिल्ली में रेप पीड़िता नाबालिग के परिजनों से मिले, बोले – नहीं मिल रहा है न्याय

नयी दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार, 4 अगस्त 2021 को दिल्ली में रेप पीड़िता नाबालिग के परिजनों से मुलाकात की और उनके साथ उनके संघर्ष में खड़े रहने का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा, मैंने परिवार से बात की और परिवार सिर्फ न्याय मांग रहा है। परिवार कह रहा है कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है और उनकी पूरी मदद होनी चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा कि जबतक उनको न्याय नहीं मिलेगा तबतक राहुल गांधी उनके साथ खड़ा है और एक इंच पीछे नहीं हटेगा। मालूम हो कि दिल्ली के कैंट इलाके में इस महीने एक अगस्त को बच्ची की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई थी और उसे जलाने का मामला सामने आया था। इस मामले में पीड़ित लड़की के साथ रेप और उसकी हत्या किए जाने व बिना अनुमति के शव जलाने का आरोप है।

नौ वर्षीया पीड़िता का परिवार मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर का रहने वाला है और दिल्ली रोजगार की तलाश में आया था व कूड़ा बीन कर गुजारा कर रहा था। यह घटना एक अगस्त की शाम साढे पांच बजे से छह बजे के बीच की बतायी जा रही है।

पीड़िता के पिता ने कहा कि उनकी एक ही औलाद थी और आखिरी बार उसका चेहरा तक नहीं देखने दिया। पिता के अनुसार, उनकी बेटी पानी भरने के लिए श्मशान की ओर जाया करती थी। एक अगस्त की शाम साढे पांच बजे भी नौ साल की बच्ची पानी लेने गयी थी लेकिन वापस नहीं आयी। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


पिता के अनुसार, पंडित ने कुछ लोगों को भेज कर उनकी पत्नी को बुलाया और कहा कि तुम्हारी बेटी नहीं रही, पूछने पर कहा कि वह वॉटर कूलर में करंट आने से मर गयी है और डॉक्टर को बुलाने की जरूरत नहीं है यही पर बच्ची का अंतिम संस्कार कर देते हैं। इसके बाद एक कागज पर दस्तखत करने को कहा। पिता के अनुसार, इस पर उन्होंने इनकार किया और फिर उनकी पत्नी से ऐसा करने को कहा। उनके द्वारा भी इनकार करने पर जबरदस्ती अंतिम संस्कार कर दिया गया।

हंगामा किए जाने पर पुलिस को स्थानीय लोगों ने 100 नंबर पर कॉल किया। बाद में पानी से आग बुझाने की कोशिश की तो लड़की की सिर्फ खोपड़ी और पैर का कुछ हिस्सा बचा मिला। इस मामले को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आज पीड़ित परिवार से मिलेंगे। दिल्ली महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है और दिल्ली पुलिस को सम्मन जारी किया है।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More