अवैध ढंग से बालू उठाव को लेकर खनन विभाग गंभीर

गिरिडीह: धनवार प्रखंड क्षेत्र में अवैध ढंग से बालू का उठाव कर उसे बिहार सप्लाई करने के अनैतिक कार्य पर लगाम लगाने को ले खनन विभाग गंभीर हो गया है। बीते शुक्रवार और शनिवार को जिला खनन पदाधिकारी विभूति नारायण के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम ने धनवार पुलिस के सहयोग से विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर अवैध बालू लदे पांच ट्रक को जब्त कर उसके सभी चालकों को गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार ट्रक बीआर 1 जीडी 0653, बी आर 01 जीडी 9187, बीआर 53 जी 4908 एवं बीआर 53 जी 8523 ट्रक को जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया की जब्त ट्रक एवं हिरासत में लिए गए ट्रक चालकों के खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई के लिए कागजी क़ानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद सभी को जेल भेजा जाएगा।



