ट्रैफिक कॉन्स्टेबल का 36 हजार व पत्रकार का 6 हजार का चालान कटा

लोगों में पनप रहा गुस्सा, विरोध शुरु
रांची: नई यातायात नियमावली लागू होने के बाद राजधानी रांची समेत पूरे प्रदेशभर में अंधाधुंध चालान काटा जाने लगा है। विगत 65 घंटे के भीतर 25 लाख रुपयों की वसूली की गई है, जबकि 203 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने की कार्रवाई की जा चुकी है। शुक्रवार को रांची- ट्रैफिक में तैनात कॉन्स्टेबल राकेश कुमार से प्लाजा चौक के पास 36 हजार जुर्माना वसूला गया। इन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। गौरतलब है कि नियम लागू कराने वाले कर्मी और अधिकारियों से दोगुना फाइन लेने का आदेश जारी किया गया है।
चेकिंग के क्रम में पत्रकार प्रियंका मिश्रा का 6 हजार का चालान काटा गया है। अचानक सख्ती के साथ लागू कर दी गई नई व्यवस्था से रांचावासी आक्रोशित हैं। बढ़े हुए चालान को लेकर राजधानी में बवाल हो रहा है और राजधानी के गाड़ीखाना चौक और कांटाटोली चौक के पास जोरदार हंगामा हुआ है। कई वाहन चालक ट्रैफिक पुलिस से भिड़ गए। पुलिस पर पत्थर भी फेंके गए, तो आखिरकार इन्हें बल प्रयोग कर खदेड दिया गया। पुलिस से आम लोगों की तुलना में धारा 204(बी) के तहत दोगुने चालान की वसूली होगी व नई नियमवाली के आधार पर बाइक पर बैठनेवालों दोनों लोगों को हेलमेट पहनना अनिवार्य है। चप्पल व सैंडिल पहनकर बाइक चलानेवालों से भी फाइन वसूला जाएगा। रांची के यातायात एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग ने 203 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस को तीन माह के लिए निलंबित करने की अनुशंसा डीटीओ रांची से की है। इस कार्रवाई को ट्रैफिक पुलिस फाइल्ड वायलेशन रिर्काड हिस्ट्री में दिखाया जाएगा। इसके बावजूद यदि कोई वाहन को चलाते पकड़े जाते हैं, तो उनसे 10 हजार तक जुर्माना वसूला जाएगा। हालांकि ये चालक डीटीओ कोर्ट में लाइसेंस बचाने का आग्रह कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार अब तक करीब 700 लोगों का चालान काटा गया है। हरमू बाइपास स्थित गाड़ीखाना चौक पर एक बाइक चालक से 18 हजार रुपये का जुर्माना काटा गया है, जो तीसरे दिन का सर्वाधिक जुर्माना बताया गया। पहले दिन छह हजार व दूसरे दिन 13 हजार रुपये जुर्माने का सर्वाधिक आंकड़ा था। एक ओर दनादन जुर्माना वसूला जा रहा है तो दूसरी ओर यातायात नियम उल्लंघन करने को लेकर भारी जुर्माना वसूलने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बहरहाल ये भी बताया गया है कि यदि कोई ट्रैफिक जवान या अधिकारी यातायात नियम का उल्लंघन कर रहा है, तो सोसल साईट पर इसकी शिकायत कर सकते हैं। मुख्यालय में बैठे कमिश्नर इसकी जांच कर कार्रवाई करेंगे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More