सुप्रीम कोर्ट ने सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की सीबीआइ जांच का आदेश दिया

नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की सीबीआइ जांच का आदेश दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में कहा है कि सीबीआइ इस मामले में पटना पुलिस द्वारा दर्ज एफआइआर की भी जांच करेगी. शीर्ष अदालत ने इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस को सहयोग करने को कहा है. अदालत ने कहा है कि आगे भी इस मामले में कोई केस दर्ज होने पर सीबीआइ उसकी जांच करेगी. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है बिहार सरकार को यह अधिकार है कि वह इस मामले में पटना पुलिस द्वारा दर्ज केस को सीबीआइ को रेफर करे.
मालूम हो कि बिहार सरकार की अनुशंसा पर सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की सीबीआइ जांच का आदेश केंद्र सरकार ने दिया था, पर इस मामले में अभिनेत्री व सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी. इसके बाद अदालत ने सभी पक्षों से इस मामले में जवाब मांगा था.
इस मामले में विभिन्न पक्षों की दलीलों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सीबीआइ जांच का आदेश दिया. अदलात ने कहा कि सीबीआइ सक्षम जांच एजेंसी है और वह इस मामले की जांच करेगी.
अदालत के इस फैसले पर सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई व भाजपा के विधायक नीरज कुमार बबलू ने खुशी जतायी है और कहा है कि अब हमें न्याय मिलेगा. वहीं, बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा कि इससे लोगों में न्याय व अदालत के प्रति आस्था और बढ गयी. उन्होंने कहा कि जब हमने इस मामले में केस दर्ज किया तो हम पर सवाल उठाए गए, हमारे आइपीएस को मुंबई में क्वारंटीन किया गया.


