रांची के अखबार : हेमंत बोले यहां नेता प्रतिपक्ष नहीं है, कहीं विपक्ष भी नहीं हरे, इंटर परिणाम में बेटियों का डंका

रांची के अखबारों में झारखंड एकेडमिक काउंसिल 12वीं का रिजल्ट आज बड़ी खबर है. प्रभात खबर ने इसे लीड बनाते हुए लिखा है कि इंटर साइंस में गिरिडीह के अमित, काॅमर्स में रांची के शुभम और आट्र्स में जमशेदपुर की नंदिता हरिपाल राज्य की स्टेट टाॅपर बनीं हैं. आइए टाॅप 10 में 16 छात्राओं ने जगह बनायी है, एक भी लड़का इसमें शामिल नहीं हो सका. आइकाॅम में टाॅप 10 में 11 शामिल हुए, जिसमें आठ लड़कियां हैं.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का राजस्थान की राजनीतिक अस्थिरता को झारखंड से कनेक्ट किए जाने वाले हालात पर बयान है. उन्होंने कहा है कि यहां अभी नेता प्रतिपक्ष नहीं है, कहीं विपक्ष भी नहीं रहे. सीएम को मेल पर हत्या की धमकी मिली है और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई है. मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा है कि धमकी से उनके कदम नहीं रूकेंगे.

एक खबर है कि अयोग्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर राज्य सरकार कार्रवाई कर सकेगी. राज्य सरकार नगर निकाय व पंचायत निकाय के लिए नयी नियमावली बना रही है. इसके निर्वाचन के लिए गलत प्रमाण पत्र देने वालों पर कार्रवाई का अधिकार राज्य सरकार को होगा. रांची के संदर्भ में एक खबर है कि तीन गुना हुई कोरोना की जांच तो छह गुना मरीज बढे. कोरोना से झारखंड में पांच की मौत हुई है और 312 नए केस मिले हैं. आइआइटी प्रवेश में इस बार कोरोना के कारण छूट रहेगी. सरकार का यह फैसला है कि राज्य से बाहर गए तो लौटने पर क्वारंटीन होना होगा. सरकार ने इसके लिए नियम बनाया है कि राज्य के बाहर से आने पर इसकी सूचना देनी होगी.

हिंदुस्तान ने खबर दी है कि लगातार दूसरे दिन राज्य में कोरोना के छह संक्रमितों ने दम तोड़ा और अबतक राज्य में मरने वालों की संख्या 50 हो गयी है. लेह पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का बयान है कि हमारी एक इंच भी जमीन कोई नहीं ले सकता है. वे गलवान झड़प के बाद पहली बार लद्दाख पहुंचे थे. अखबार ने इस खबर को प्राथमिकता दी है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मेल पर जान से मारने की धमकी मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के एक कार्यक्रम को आॅनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई को हमने जन आंदोलन बना दिया. अखबार ने जैक इंटर रिजल्ट को लीड स्टोरी बनाते हुए लिखा है कि 74 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं. हेडिंग है: रांची के शुभम काॅमर्स में टाॅपर.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More